Wednesday, June 26, 2019

वंदेमातरम

*27 जून 2019*

*राष्ट्रगीत वंदेमातरम का सफर*

*1838 में आज ही के दिन यानी 27 जून को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्‍याय का जन्‍म हुआ*. बंकिमचंद्र को हम जानते है राष्ट्रचेतना से ओतप्रोत गीत वंदेमातरम के लिए। वही गीत जिसे बजाकर हम और आकाशवाणी के समस्त केंद्र सभा की शुरुआत करते है।

आखिर ये गीत कैसे बंकिमचंद्र की कलम से निकला और देश विदेश में भारतीयों के लिए राष्ट्रप्रेम का पर्याय बन गया! आज की बात इसी गीत पर!

*वंदेमातरम की रचना कब हुई*
वन्दे मातरम् की रचना 7 नवम्बर 1876 को बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा बंगाल के कांतल पाडा नामक गांव में की गयी थी। वंदे मातरम् गीत के प्रथम दो पद संस्कृत में तथा शेष पद बांग्ला में थे।

इस गीत के उस समय तक केवल दो पद रचे गए थे और दोनों ही संस्कृत में थे। गीत का प्रकाशन 1882 में बंकिमचंद्र के उपन्यास आनंद मठ में अंतर्निहित गीत के रूप में हुआ था। इस उपन्यास में यह गीत भवानंद नाम के संन्यासी द्वारा गाया गया है। यह गीत स्वतंत्रता की लड़ाई में लोगों के लिए प्ररेणा का स्रोत था।

*क्यों रचा गया वन्दे मातरम?*
हुआ यूं कि 1870 के दौरान अंग्रेज हुक्मरानों ने ‘गॉड सेव द क्वीन’ गीत गाया जाना अनिवार्य कर दिया था तब अंग्रेजों के इस आदेश से बंकिमचंद्र चटर्जी को, जो की उस समय एक सरकारी अधिकारी थे को बहुत ठेस पहुंची और उन्होंने 1876 में इसके विकल्प के तौर पर संस्कृत और बांग्ला के मिश्रण से एक नए गीत की रचना की और उसका शीर्षक दिया ‘वंदेमातरम्’।

बंगाल में चले आजादी के आंदोलन में विभिन्न रैलियों में जोश भरने के लिए यह गीत गाया जाने लगा। धीरे-धीरे यह गीत लोगों में लोकप्रिय हो गया। ब्रिटिश हुकूमत इसकी लोकप्रियता से सशंकित हो उठी और उसने इस पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करना शुरू कर दिया।

*क्या वन्दे मातरम महज एक देशभक्ति गीत था?*
आपको शायद ये जानकर आश्चर्य होगा कि ये गीत प्रसिद्ध होने के साथ साथ विवादों में भी घिरा। एक प्रसिद्ध बांग्ला लेखक नरेश चंद्र सेनगुप्ता जिन्होंने 20 वीं शताब्दी के आरम्भ में ‘आनंदमठ’ का अंग्रेजी में अनुवाद किया उन्होंने साफ़ लिखा कि इस गीत को पढ़ने के बाद यह जानकर दुःख होता है कि बंकिम बांग्ला राष्ट्रवाद से इतने ग्रस्त थे कि उन्हें भारतीय राष्ट्रवाद की परवाह नहीं थी.

शुरुआती तौर पर यह गीत संस्कृत, बंगला, उर्दू और अंग्रेजी में मौजूद था पर 1906 में ‘वंदे मातरम्’ को देवनागरी लिपि में भी पहचान मिली। कांग्रेस के कोलकाता अधिवेशन में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने इसका संशोधित रूप प्रस्तुत किया।
यह गीत न सिर्फ कांग्रेस के अधिवेशनों में प्रसिद्ध था बल्कि आजादी के आंदोलन के दौरान भी इसका प्रयोग जोरों शोरों से किया गया। लाला लाजपत राय ने लाहौर से जिस जर्नल का प्रकाशन शुरू किया, उसका नाम ‘वंदेमातरम’ रखा था।

एक विशेष घटना 1907 की है जब मैडम भीकाजी कामा ने जर्मनी के स्टटगार्ट में तिरंगा फहराया तो उसके मध्य में ‘वंदे मातरम्’ ही लिखा हुआ था जो एक गौरवशाली पल था। यहाँ तक की 1920 तक सुब्रह्मण्यम भारती तथा दूसरों के हाथों विभिन्न भारतीय भाषाओं में अनुवादित यह काफी हद तक राष्ट्रगान की हैसियत पा चुका था।

*क्या पहचान बनाई वन्दे मातरम ने अपने सफर में?*
14 अगस्त 1947 की रात संविधान सभा की पहली बैठक का प्रारंभ ‘वंदे मातरम’ के साथ और समापन ‘जन गण मन’ के साथ हुआ।

24 जनवरी, 1950 को संविधान सभा ने निर्णय लिया कि स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदेमातरम’ गीत की उल्लेखनीय भूमिका को देखते हुए इस गीत के प्रथम दो अंतरों को ‘जन गण मन’ के समकक्ष मान्यता दी जाए। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान सभा का यह निर्णय सुनाया।

देश के प्रथम राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद ने स्वातंत्रता प्राप्ति के बाद, संविधान सभा में 26 जनवरी 1950 के दिन वन्दे मातरम को राष्ट्रगीत अपनाए जाने के संबंध में वक्तव्य पढ़ा। उन्होंने वक्तव्य में कहा था कि शब्दों व संगीत की वह रचना जिसे जन-गण-मन से संबंधित किया जाता है, भारत का राष्ट्रगान है, बदलाव के ऐसे विषय, अवसर आने पर सरकार अधिकृत करे और वन्दे मातरम गान, जिसने की भारतीय स्वतंत्रता संग्राम मे ऐतिहासिक भूमिका निभायी है, को जन-गण-मन के समकक्ष सम्मान व पद मिले।

*आकाशवाणी के प्रसारण की शुरुआत वंदेमातरम से*
‘वंदेमातरम’ को राष्ट्रगान के समकक्ष मान्यता मिल जाने पर अनेक महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसरों पर ‘वंदेमातरम’ गीत को स्थान मिला। आज भी ‘आकाशवाणी’ के सभी केंद्र का प्रसारण ‘वंदेमातरम’ से ही प्रारम्भ होता है।

15 सितंबर 1959 को जब दूरदर्शन शुरू हुआ तो सुबह-सुबह शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से ही होती थी।

*विश्व के 10 श्रेष्ठ गीतों में से एक*
आपको यह जानकर भी आश्चर्य हो सकता है कि 2003 में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस द्वारा आयोजित एक सर्वे में, जिसमें उस समय तक के सबसे मशहूर दस गीतों का चयन करने के लिए दुनिया भर से लगभग 7000 गीतों को चुना गया था और बीबीसी के अनुसार 155 देशों/द्वीप के लोगों ने इसमें मतदान किया था उसमें वन्दे मातरम् शीर्ष के 10 गीतों में दूसरे स्थान पर था जो अपने आप मे एक रिकॉर्ड बनाने जैसा है।

*देखा जाए वन्दे मातरम जनता के दिलों में राष्ट्रभावना को जगाने के अवसर पर लिखा गया था। जिसे काफी लंबे विवाद के बाद राष्ट्रगीत का दर्जा हासिल हुआ। हालांकि अपने लंबे सफ़र को तय करने के बावजूद यह गीत आजतक देशवासियों के ह्दय में देशप्रेम की भावना को जागृत कर रहा है।*

*वंदेमातरम सम्पूर्ण गीत*
वन्दे मातरम्!
सुजलां सुफलां मलयजशीतलां
शस्यश्यामलां मातरम्!
शुभ-ज्योत्सना-पुलकित-यामिनीम्
फुल्ल-कुसुमित-द्रमुदल शोभिनीम्
सुहासिनी सुमधुर भाषिणीम्
सुखदां वरदां मातरम्!
सन्तकोटिकंठ-कलकल-निनादकराले
द्विसप्तकोटि भुजैर्धृतखरकरबाले
अबला केनो माँ एतो बले।
बहुबलधारिणीं नमामि तारिणीं
रिपुदल वारिणीं मातरम्!
तुमि विद्या तुमि धर्म
तुमि हरि तुमि कर्म
त्वम् हि प्राणाः शरीरे।
बाहुते तुमि मा शक्ति
हृदये तुमि मा भक्ति
तोमारइ प्रतिमा गड़ि मंदिरें-मंदिरे।
त्वं हि दूर्गा दशप्रहरणधारिणी
कमला कमल-दल विहारिणी
वाणी विद्यादायिनी नवामि त्वां
नवामि कमलाम् अमलां अतुलाम्
सुजलां सुफलां मातरम्!
वन्दे मातरम्!
श्यामलां सरलां सुस्मितां भूषिताम
धमरणीं भरणीम् मातरम्।

*प्रत्येक पद का अर्थ*
1.हे माँ मैं तेरी वन्दना करता हूँ
तेरे अच्छे पानी, अच्छे फलों,
सुगन्धित, शुष्क, उत्तरी समीर (हवा)
हरे-भरे खेतों वाली मेरी माँ।
2.
सुन्दर चाँदनी से प्रकाशित रात वाली,
खिले हुए फूलों और घने वृ़क्षों वाली,
सुमधुर भाषा वाली,
सुख देने वाली वरदायिनी मेरी माँ।
3.
तीस करोड़ कण्ठों की जोशीली
आवाज़ें,
साठ करोड़ भुजाओं में तलवारों को
धारण किये हुए
क्या इतनी शक्ति के बाद भी,
हे माँ तू निर्बल है,
तू ही हमारी भुजाओं की शक्ति है,
मैं तेरी पद-वन्दना करता हूँ मेरी माँ।
4.
तू ही मेरा ज्ञान, तू ही मेरा धर्म है,
तू ही मेरा अन्तर्मन, तू ही मेरा लक्ष्य,
तू ही मेरे शरीर का प्राण,
तू ही भुजाओं की शक्ति है,
मन के भीतर तेरा ही सत्य है,
तेरी ही मन मोहिनी मूर्ति
एक-एक मन्दिर में,
5.
तू ही दुर्गा दश सशस्त्र भुजाओं वाली,
तू ही कमला है, कमल के फूलों की बहार,
तू ही ज्ञान गंगा है, परिपूर्ण करने वाली,
मैं तेरा दास हूँ, दासों का भी दास,
दासों के दास का भी दास,
अच्छे पानी अच्छे फलों वाली मेरी माँ,
मैं तेरी वन्दना करता हूँ।
6.
लहलहाते खेतों वाली, पवित्र, मोहिनी,
सुशोभित, शक्तिशालिनी, अजर-अमर
मैं तेरी वन्दना करता हूँ।

*वंदेमातरम*

तीन बीघा गलियारा

*26 जून 2019*

*तीन बीघा गलियारा*

तीन बीघा जमीन की कीमत तुम क्या जानो...... आप सोचते होंगे कि मैं आज ये कैसी बातें कर रहा हूं, एक चुटकी सिन्दूर की जगह तीन बीघा ज़मीन? ये मजाक नहीं है ये एकदम सच है, और ये तीन बीघा ज़मीन का गलियारा और कहीं नहीं अपने देश की एक विवादित ज़मीन है।

ये कहानी है तीन बीघा कोरिडोर की जो कि भारत बांग्लादेश की सीमा का एक इलाका है. विभाजन के दौरान बांग्लादेश के कई परिवार भारत में रह गए और भारत के कई परिवार बांग्लादेश में बस गए और रामपुर के कूच बिहार में रह गए. बांग्लादेश की मांग थी कि तीन बीघा कोरिडोर उन्हें मिल जाए.
तीन बीघा गलियारा भारत और बांग्लादेश की सीमा पर स्थित एक भारत का भूभाग है जो सितम्बर 2011 में बंगलादेश को 999 साल की लीज पर दे दिया गया ताकि बांग्लादेश के दहग्राम-अंगरपोटा नामक अंतर्वेशों या एन्क्लेव्स को सीधे भूमार्ग से बंगलादेश से जोड़ा जा सके।

*जानिए क्या है ये मामला*
बांग्लादेश जब आजाद हुआ उस समय भारत-बांग्लादेश सीमा पर कई ऐसे क्षेत्र थे जो प्रशासनिक रूप से तो एक देश के अधिकार में थे लेकिन उन तक पहुचने का मार्ग दूसरे देश से होकर जाता था, ऐसे क्षेत्रों की अदला-बदली के लिए 1971 में ही दोनों देशों के बीच एक समझौता हुआ।

*इंदिरा गांधी के राज में हुआ था समझौता*
श्रीमती इंदिरा गांधी और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री शेख मुजीबुर्रहमान की अगुवाई में हुए इस समझौते में पहली बार तीन बीघा गलियारे का जिक्र किया गया था। समझौते के मुताबिक 1974 तक बांग्लादेश को अपने दक्षिण बेरूबारी क्षेत्र का एक हिस्सा भारत को सौंपना था और इसके बदले में उसे तीन बीघा गलियारे का नियंत्रण मिलना था। इसे लैंड बाउंड्री एग्रीमेंट (एलबीए) नाम दिया गया. भारतीय भूमि का यह 178 x 85 वर्ग मीटर क्षेत्र बांग्लादेश के दहाग्राम-अंगारपोटा इलाके के लिए पहुंच मार्ग है। कानूनी अड़चनें भी खूब पड़ी समझौते के बाद कुछ ही महीनों में बांग्लादेश ने दक्षिण बेरूबारी का हिस्सा भारत को सौंप दिया, लेकिन उसे तीन बीघा गलियारा क्षेत्र पर नियंत्रण नहीं मिला।

दरअसल भारत द्वारा बांग्लादेश को यह क्षेत्र दिए जाने की दिशा में कई कानूनी और संवैधानिक अड़चनें तो थी हीं साथ ही इस मामले पर पश्चिम बंगाल में काफी विरोध भी देखने को मिल रहा था। 1974 में जब मसला नहीं सुलझा तो भारत-बांग्लादेश के बीच 1982 में फिर एक समझौता हुआ, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी।

*कुछ देर के लिए खोला जाता था गलियारा*
26 जून 1992 में फिर से एक समझौता हुआ और तीन बीघा गलियारा दिन में छह घंटे के लिए बांग्लादेशी नागरिकों की आवाजाही के लिए खोलने पर सहमति बन गई। जून, 1996 में यह अवधि बढ़ाकर 12 घंटे कर दी गई लेकिन इस बीच इस क्षेत्र का नियंत्रण भारत के पास ही रहा।

*999 वर्षों की लीज़ पर दिया गया ये गलियारा*
तीन बीघा गलियारा को लेकर एक व्यापक समझौता 2011 में हो पाया जब यह क्षेत्र 999 सालों की लीज पर बांग्लादेश को दे दिया गया। बांग्लादेश से इस समझौते के बाद भारत ने पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा की 17,160 एकड़ जमीन सौंपी। इसके बदले बांग्लादेश ने भारत को 7110 एकड़ जमीन सौंपी।

Monday, June 24, 2019

भारत और आपातकाल

25 जून 2019

*आज से 44 साल पहले सन 1975 में आज ही के दिन यानी 25 जून को में देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया था*, जिसे भारतीय राजनीति के इतिहास का सबसे विवादास्पद काल भी कहा जाता है. 25 जून 1975 की आधी रात को आपातकाल की घोषणा की गई, जो 21 मार्च 1977 तक लगी रही. उस दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार की सिफारिश पर भारतीय संविधान की धारा 352 के अधीन देश में आपातकाल की घोषणा की थी.

आपातकाल में चुनाव स्थगित हो गए थे. इसे आजाद भारत का सबसे विवादास्पद दौर भी माना जाता है. वहीं अगले सुबह यानी 26 जून को समूचे देश ने रेडियो पर इंदिरा गांधी की आवाज में आपातकाल की घोषणा के बारे में सुना.

आपातकाल के पीछे कई वजहें बताई जाती है, जिसमें सबसे अहम है 12 जून 1975 को इलाहबाद हाईकोर्ट की ओर से इंदिरा गांधी के खिलाफ दिया गया फैसला.

*हाइकोर्ट का फैसला बना आपातकाल की वजह*
कहा जाता है कि आपातकाल की नींव 12 जून 1975 को ही रख दी गई थी. इस दिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को रायबरेली के चुनाव अभियान में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का दोषी पाया था और उनके चुनाव को खारिज कर दिया था. इतना ही नहीं, इंदिरा पर छह साल तक चुनाव लड़ने पर और किसी भी तरह के पद संभालने पर रोक भी लगा दी गई थी.

*आपातकाल के वो 21 महीने*
राज नारायण ने 1971 में रायबरेली में इंदिरा गांधी के हाथों हारने के बाद मामला दाखिल कराया था. जस्टिस जगमोहनलाल सिन्हा ने यह फैसला सुनाया था. हालांकि 24 जून 1975 को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश बरकरार रखा, लेकिन इंदिरा को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बने रहने की इजाजत दी. एक दिन बाद जयप्रकाश नारायण ने इंदिरा के इस्तीफा देने तक देश भर में रोज प्रदर्शन करने का आह्वाहन किया. देश भर में हड़तालें चल रही थीं. जय प्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई सहित कुछ नेताओं के नेतृत्व में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था.

इंदिरा आसानी से सिंहासन खाली करने के मूड में नहीं थीं. उधर विपक्ष सरकार पर लगातार दबाव बना रहा था. नतीजा ये हुआ कि इंदिरा ने 25 जून की रात देश में आपातकाल लागू करने का फैसला लिया. आधी रात इंदिरा ने तत्कालीन राष्ट्रपति फखरूद्दीन अली अहमद से आपाताकाल के फैसले पर दस्तखत करवा लिया.

*आकाशवाणी पर हुई आपातकाल की घोषणा*
उस समय आकाशवाणी ने रात के अपने एक समाचार बुलेटिन में यह प्रसारित किया कि अनियंत्रित आंतरिक स्थितियों के कारण सरकार ने पूरे देश में आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी गई है।

आकाशवाणी पर प्रसारित अपने संदेश में इंदिरा गांधी ने कहा था, '*जब से मैंने आम आदमी और देश की महिलाओं के फायदे के लिए कुछ प्रगतिशील कदम उठाए हैं, तभी से मेरे खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही थी।*'

*छिन गए थे अधिकार*
बताया जाता है कि सरकार ने पूरे देश को एक बड़े जेलखाना में बदल दिया गया था. आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को स्थगित कर दिया गया था. इमरजेंसी में जीने तक का हक छीन लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी 2011 में अपनी गलती मानी थी. सुप्रीम कोर्ट ने 2 जनवरी, 2011 को यह स्वीकार किया कि देश में आपातकाल के दौरान इस कोर्ट से भी नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन हुआ था.

*क्या हुआ आपातकाल में*
 इस दौरान जनता के सभी मौलिक अधिकारों को स्थगित कर दिया गया था। सरकार विरोधी भाषणों और किसी भी प्रकार के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया।

समाचार पत्रों को एक विशेष आचार संहिता का पालन करने के लिए विवश किया गया, जिसके तहत प्रकाशन के पूर्व सभी समाचारों और लेखों को सरकारी सेंसर से गुजरना पड़ता था। अर्थात तत्कालीन मीडिया पर भी अंकुश लगा दिया गया था। 

आपातकाल की घोषणा के साथ ही सभी विरोधी दलों के नेताओं को गिरफ्तार करवाकर अज्ञात स्थानों पर रखा गया। सरकार ने मीसा (मैंटीनेन्स ऑफ इंटरनल सिक्यूरिटी एक्ट) के तहत कदम उठाया। 

यह ऐसा कानून था जिसके तहत गिरफ्तार व्यक्ति को कोर्ट में पेश करने और जमानत मांगने का भी अधिकार नहीं था।

*जनता ने लिया आपातकाल का बदला*
जेपी की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंची. इंदिरा को सिंहासन छोड़ना पड़ा. मोरारजी देसाई की अगुवाई में जनता पार्टी का गठन हुआ. 1977 में फिर आम चुनाव हुए. 1977 के चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह हारी. इंदिरा खुद रायबरेली से चुनाव हार गईं और कांग्रेस 350 से 153 सीटों पर सिमट गई. 23 मार्च 1977 को इक्यासी वर्ष की उम्र में मोरार जी देसाई प्रधानमंत्री बने. ये आजादी के तीस साल बाद बनी पहली गैर कांग्रेसी सरकार थी.

लेकिन नई सरकार दो साल ही टिक पाई और अंदरुनी अंतर्विरोधों के कारण 1979 में सरकार गिर गई। इसके बाद चौधरी चरण सिंह की सरकार बनी जो केवल पाँच माह ही टिक सकी।

फिर आपातकाल के ढाई साल बाद हुए आम चुनाव में इन्दिरा गांधी फिर से जीत गईं।