Showing posts with label वंदेमातरम. Show all posts
Showing posts with label वंदेमातरम. Show all posts

Wednesday, June 26, 2019

वंदेमातरम

*27 जून 2019*

*राष्ट्रगीत वंदेमातरम का सफर*

*1838 में आज ही के दिन यानी 27 जून को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्‍याय का जन्‍म हुआ*. बंकिमचंद्र को हम जानते है राष्ट्रचेतना से ओतप्रोत गीत वंदेमातरम के लिए। वही गीत जिसे बजाकर हम और आकाशवाणी के समस्त केंद्र सभा की शुरुआत करते है।

आखिर ये गीत कैसे बंकिमचंद्र की कलम से निकला और देश विदेश में भारतीयों के लिए राष्ट्रप्रेम का पर्याय बन गया! आज की बात इसी गीत पर!

*वंदेमातरम की रचना कब हुई*
वन्दे मातरम् की रचना 7 नवम्बर 1876 को बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा बंगाल के कांतल पाडा नामक गांव में की गयी थी। वंदे मातरम् गीत के प्रथम दो पद संस्कृत में तथा शेष पद बांग्ला में थे।

इस गीत के उस समय तक केवल दो पद रचे गए थे और दोनों ही संस्कृत में थे। गीत का प्रकाशन 1882 में बंकिमचंद्र के उपन्यास आनंद मठ में अंतर्निहित गीत के रूप में हुआ था। इस उपन्यास में यह गीत भवानंद नाम के संन्यासी द्वारा गाया गया है। यह गीत स्वतंत्रता की लड़ाई में लोगों के लिए प्ररेणा का स्रोत था।

*क्यों रचा गया वन्दे मातरम?*
हुआ यूं कि 1870 के दौरान अंग्रेज हुक्मरानों ने ‘गॉड सेव द क्वीन’ गीत गाया जाना अनिवार्य कर दिया था तब अंग्रेजों के इस आदेश से बंकिमचंद्र चटर्जी को, जो की उस समय एक सरकारी अधिकारी थे को बहुत ठेस पहुंची और उन्होंने 1876 में इसके विकल्प के तौर पर संस्कृत और बांग्ला के मिश्रण से एक नए गीत की रचना की और उसका शीर्षक दिया ‘वंदेमातरम्’।

बंगाल में चले आजादी के आंदोलन में विभिन्न रैलियों में जोश भरने के लिए यह गीत गाया जाने लगा। धीरे-धीरे यह गीत लोगों में लोकप्रिय हो गया। ब्रिटिश हुकूमत इसकी लोकप्रियता से सशंकित हो उठी और उसने इस पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करना शुरू कर दिया।

*क्या वन्दे मातरम महज एक देशभक्ति गीत था?*
आपको शायद ये जानकर आश्चर्य होगा कि ये गीत प्रसिद्ध होने के साथ साथ विवादों में भी घिरा। एक प्रसिद्ध बांग्ला लेखक नरेश चंद्र सेनगुप्ता जिन्होंने 20 वीं शताब्दी के आरम्भ में ‘आनंदमठ’ का अंग्रेजी में अनुवाद किया उन्होंने साफ़ लिखा कि इस गीत को पढ़ने के बाद यह जानकर दुःख होता है कि बंकिम बांग्ला राष्ट्रवाद से इतने ग्रस्त थे कि उन्हें भारतीय राष्ट्रवाद की परवाह नहीं थी.

शुरुआती तौर पर यह गीत संस्कृत, बंगला, उर्दू और अंग्रेजी में मौजूद था पर 1906 में ‘वंदे मातरम्’ को देवनागरी लिपि में भी पहचान मिली। कांग्रेस के कोलकाता अधिवेशन में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने इसका संशोधित रूप प्रस्तुत किया।
यह गीत न सिर्फ कांग्रेस के अधिवेशनों में प्रसिद्ध था बल्कि आजादी के आंदोलन के दौरान भी इसका प्रयोग जोरों शोरों से किया गया। लाला लाजपत राय ने लाहौर से जिस जर्नल का प्रकाशन शुरू किया, उसका नाम ‘वंदेमातरम’ रखा था।

एक विशेष घटना 1907 की है जब मैडम भीकाजी कामा ने जर्मनी के स्टटगार्ट में तिरंगा फहराया तो उसके मध्य में ‘वंदे मातरम्’ ही लिखा हुआ था जो एक गौरवशाली पल था। यहाँ तक की 1920 तक सुब्रह्मण्यम भारती तथा दूसरों के हाथों विभिन्न भारतीय भाषाओं में अनुवादित यह काफी हद तक राष्ट्रगान की हैसियत पा चुका था।

*क्या पहचान बनाई वन्दे मातरम ने अपने सफर में?*
14 अगस्त 1947 की रात संविधान सभा की पहली बैठक का प्रारंभ ‘वंदे मातरम’ के साथ और समापन ‘जन गण मन’ के साथ हुआ।

24 जनवरी, 1950 को संविधान सभा ने निर्णय लिया कि स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदेमातरम’ गीत की उल्लेखनीय भूमिका को देखते हुए इस गीत के प्रथम दो अंतरों को ‘जन गण मन’ के समकक्ष मान्यता दी जाए। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान सभा का यह निर्णय सुनाया।

देश के प्रथम राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद ने स्वातंत्रता प्राप्ति के बाद, संविधान सभा में 26 जनवरी 1950 के दिन वन्दे मातरम को राष्ट्रगीत अपनाए जाने के संबंध में वक्तव्य पढ़ा। उन्होंने वक्तव्य में कहा था कि शब्दों व संगीत की वह रचना जिसे जन-गण-मन से संबंधित किया जाता है, भारत का राष्ट्रगान है, बदलाव के ऐसे विषय, अवसर आने पर सरकार अधिकृत करे और वन्दे मातरम गान, जिसने की भारतीय स्वतंत्रता संग्राम मे ऐतिहासिक भूमिका निभायी है, को जन-गण-मन के समकक्ष सम्मान व पद मिले।

*आकाशवाणी के प्रसारण की शुरुआत वंदेमातरम से*
‘वंदेमातरम’ को राष्ट्रगान के समकक्ष मान्यता मिल जाने पर अनेक महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसरों पर ‘वंदेमातरम’ गीत को स्थान मिला। आज भी ‘आकाशवाणी’ के सभी केंद्र का प्रसारण ‘वंदेमातरम’ से ही प्रारम्भ होता है।

15 सितंबर 1959 को जब दूरदर्शन शुरू हुआ तो सुबह-सुबह शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से ही होती थी।

*विश्व के 10 श्रेष्ठ गीतों में से एक*
आपको यह जानकर भी आश्चर्य हो सकता है कि 2003 में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस द्वारा आयोजित एक सर्वे में, जिसमें उस समय तक के सबसे मशहूर दस गीतों का चयन करने के लिए दुनिया भर से लगभग 7000 गीतों को चुना गया था और बीबीसी के अनुसार 155 देशों/द्वीप के लोगों ने इसमें मतदान किया था उसमें वन्दे मातरम् शीर्ष के 10 गीतों में दूसरे स्थान पर था जो अपने आप मे एक रिकॉर्ड बनाने जैसा है।

*देखा जाए वन्दे मातरम जनता के दिलों में राष्ट्रभावना को जगाने के अवसर पर लिखा गया था। जिसे काफी लंबे विवाद के बाद राष्ट्रगीत का दर्जा हासिल हुआ। हालांकि अपने लंबे सफ़र को तय करने के बावजूद यह गीत आजतक देशवासियों के ह्दय में देशप्रेम की भावना को जागृत कर रहा है।*

*वंदेमातरम सम्पूर्ण गीत*
वन्दे मातरम्!
सुजलां सुफलां मलयजशीतलां
शस्यश्यामलां मातरम्!
शुभ-ज्योत्सना-पुलकित-यामिनीम्
फुल्ल-कुसुमित-द्रमुदल शोभिनीम्
सुहासिनी सुमधुर भाषिणीम्
सुखदां वरदां मातरम्!
सन्तकोटिकंठ-कलकल-निनादकराले
द्विसप्तकोटि भुजैर्धृतखरकरबाले
अबला केनो माँ एतो बले।
बहुबलधारिणीं नमामि तारिणीं
रिपुदल वारिणीं मातरम्!
तुमि विद्या तुमि धर्म
तुमि हरि तुमि कर्म
त्वम् हि प्राणाः शरीरे।
बाहुते तुमि मा शक्ति
हृदये तुमि मा भक्ति
तोमारइ प्रतिमा गड़ि मंदिरें-मंदिरे।
त्वं हि दूर्गा दशप्रहरणधारिणी
कमला कमल-दल विहारिणी
वाणी विद्यादायिनी नवामि त्वां
नवामि कमलाम् अमलां अतुलाम्
सुजलां सुफलां मातरम्!
वन्दे मातरम्!
श्यामलां सरलां सुस्मितां भूषिताम
धमरणीं भरणीम् मातरम्।

*प्रत्येक पद का अर्थ*
1.हे माँ मैं तेरी वन्दना करता हूँ
तेरे अच्छे पानी, अच्छे फलों,
सुगन्धित, शुष्क, उत्तरी समीर (हवा)
हरे-भरे खेतों वाली मेरी माँ।
2.
सुन्दर चाँदनी से प्रकाशित रात वाली,
खिले हुए फूलों और घने वृ़क्षों वाली,
सुमधुर भाषा वाली,
सुख देने वाली वरदायिनी मेरी माँ।
3.
तीस करोड़ कण्ठों की जोशीली
आवाज़ें,
साठ करोड़ भुजाओं में तलवारों को
धारण किये हुए
क्या इतनी शक्ति के बाद भी,
हे माँ तू निर्बल है,
तू ही हमारी भुजाओं की शक्ति है,
मैं तेरी पद-वन्दना करता हूँ मेरी माँ।
4.
तू ही मेरा ज्ञान, तू ही मेरा धर्म है,
तू ही मेरा अन्तर्मन, तू ही मेरा लक्ष्य,
तू ही मेरे शरीर का प्राण,
तू ही भुजाओं की शक्ति है,
मन के भीतर तेरा ही सत्य है,
तेरी ही मन मोहिनी मूर्ति
एक-एक मन्दिर में,
5.
तू ही दुर्गा दश सशस्त्र भुजाओं वाली,
तू ही कमला है, कमल के फूलों की बहार,
तू ही ज्ञान गंगा है, परिपूर्ण करने वाली,
मैं तेरा दास हूँ, दासों का भी दास,
दासों के दास का भी दास,
अच्छे पानी अच्छे फलों वाली मेरी माँ,
मैं तेरी वन्दना करता हूँ।
6.
लहलहाते खेतों वाली, पवित्र, मोहिनी,
सुशोभित, शक्तिशालिनी, अजर-अमर
मैं तेरी वन्दना करता हूँ।

*वंदेमातरम*